📍घरघोड़ा/बरौद,
6 अक्टूबर। औद्योगिक क्षेत्र बरौद में सोमवार देर रात तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही ने एक और जिंदगी छीन ली। रात करीब 10:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक हरेंद्र यादव (निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हरेंद्र यादव माल परिवहन के सिलसिले में अपना ट्रेलर लेकर बरौद क्षेत्र पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे अपने ट्रेलर से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि हरेंद्र यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में संबंधित ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रात में भारी वाहनों की आवाजाही पर उठे सवाल
हादसे के बाद बरौद औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय बड़ी संख्या में भारी वाहन आवाजाही करते हैं। कई स्थानों पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।
फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। यह हादसा केवल एक दुर्घटना है या फिर औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी का नतीजा—जांच के बाद तस्वीर साफ होगी।




