घर के भीतर चल रही अवैध आरा मशीन पर वन विभाग का छापा, साल-सागौन का चिरान और उपकरण जब्त

Picture of Gharghoda City

Gharghoda City

📍घरघोड़ा..

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के ग्राम ढेरम में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने एक मकान में दबिश देकर अवैध रूप से संचालित आरा मशीन और भारी मात्रा में साल व सागौन का चिरान जब्त किया है। मौके से लकड़ी कटाई में प्रयुक्त होने वाली ट्राली, 8 नग कटर मशीन और बढ़ई के कई औजार भी बरामद किए गए हैं।

 

मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग के उड़नदस्ता सहायक प्रभारी को सूचना मिली थी कि ढेरम निवासी अम्बे लाल उरांव (56 वर्ष) अपने घर पर बड़े पैमाने पर साल और सागौन की अवैध लकड़ियों का चिरान कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए उड़नदस्ता टीम ने दोपहर के समय मकान पर औचक छापा मारा।

 

दस्तावेज नहीं दिखा पाया संदेही, 100 से अधिक चिरान जब्त

तलाशी के दौरान घर के आंगन में भारी मात्रा में चिरान की गई लकड़ी रखी मिली, जबकि बाड़ी की तरफ अवैध आरा मशीन संचालित पाई गई। टीम द्वारा पूछताछ करने और लकड़ियों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर अम्बे लाल ने पहले टालमटोल की, लेकिन अंततः वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उड़नदस्ता टीम ने नापजोख कर 100 से अधिक नग साल-सागौन का चिरान जब्त कर लिया। इसके साथ ही मौके पर लगी आरा मशीन और ट्राली को भी उखाड़कर कब्जे में ले लिया गया।

 

50 हजार रुपये से अधिक के चिरान का अनुमान

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 8 नग छोटी-बड़ी कटर मशीनें और भारी संख्या में बढ़ई के काम आने वाले औजार बरामद किए हैं। वन विभाग के अनुसार जब्त किए गए चिरान की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक आंकी जा रही है। हालांकि, पूरी लकड़ी का आधिकारिक मूल्यांकन होने के बाद ही वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी। वन विभाग की उड़नदस्ता टीम सभी सामग्रियों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Gharghoda City
Author: Gharghoda City