📍रायगढ़, 30 सितंबर
रायगढ़ जिले में वन विभाग के दल ने हाथी शावक का शव बरामद किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
जिले के वन मंडल अधिकारी ने बताया कि तमनार वन परिक्षेत्र के छैडोरिया गांव स्थित एक तालाब में आज हाथी शावक का शव बरामद किया गया।
वन अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि मादा शावक की मृत्यु तालाब में डूबने से हुई है।
उन्होंने बताया कि जिले में 50 हाथियों के समूह भ्रमण कर रहा है। यह शावक हाथियों के झुंड में ही था।
अधिकारी ने बताया कि आज सुबह जब ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिली तब वन विभाग के दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बाद में शावक का शव बरामद कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि शावक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद ही इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी।
वन अधिकारी ने बताया कि शावक के मौत के विस्तृत कारणों की जांच के लिए इसके अंग भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली भेजे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वन विभाग ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए घरघोड़ा सिटी जिम्मेदार नहीं है.





